Showing posts with label खिलौने. Show all posts
Showing posts with label खिलौने. Show all posts

Tuesday, September 7, 2010

Ghazal Eid ईद

                            ईद

क़फ़स में हंसते थे , गुलशन में जाके रोने लगे
परिन्दे अपनी कहानी सुनाके रोने लगे

बिछुड़ने वाले अचानक जो बरसों बाद मिले

वो मुस्कुराने लगे , मुस्कुराके रोने लगे

खुशी मिली तो खुशी में शरीक सबको किया

मिले जो ग़म तो अकेले में जाके रोने लगे

फिर आई ईद तो अब के बरस भी कुछ मां-बाप

गले से अपने खिलौने लगाके रोने लगे

- शफ़क़ बिजनौरी , निकट मदीना प्रेस

                                बिजनौर - 246701
               जनाब शफ़क़ बिजनौरी साहब से मेरी मुलाक़ात दिसम्बर 2008 में जम्मू के ‘वैष्णवी धाम‘ में उस समय हुई जबकि हम हरदम मौत के निशाने पर थे। बचकर घर लौटने की उम्मीद बहुत कम थी और घर से चलते वक्त मैं अपनी वसीयत करके चला था कि अगर मैं इस मिशन में मारा गया तो मेरे बाद उन्हें किन बातों का ख़ास ख़याल रखना है।
ईद क़रीब थी, घरवाले और बच्चे याद आ रहे थे। इसी दरम्यान जम्मू की एक बड़ी आर्ट यूनिवर्सिटी में एक तरही मुशायरे का आयोजन हुआ जिसमें जम्मू के शायर इकठ्ठा हुए। उसमें मेहमान शायर के तौर पर बिजनौर के दूसरे शायरों के साथ जनाब शफ़क़ बिजनौरी को भी बुलाया गया जोकि उस वक्त वैष्णवी धाम में हमारे साथ ही ठहरे हुए थे।
इस ग़ज़ल को मैंने सुना तो मेरी आंखों में आंसू आ गये। मेरी ही क्या वहां मौजूद हर आदमी की आंखें नम हो गयीं। यह ग़ज़ल मैंने उनसे अपनी डायरी में लिखवा ली थी और आज के दिन मैं इसे आपको गिफ़्ट करता हूं। इसे आपके लिए और आज के लिए ही बचाकर रखा गया था और महसूस कीजिये उन मां-बापों का दर्द जो अपने बच्चों को त्यौहार पर नये कपड़े, जूते और खिलौने नहीं दिला पाते। हर वर्ग के ग़रीबों का दर्द त्यौहार पर एकसा ही होता है।
त्यौहार आ रहा है। आपके लिए खुदा की तरफ़ से आज़माईश का एक मौक़ा आ रहा है। आपकी खुशी तभी मुकम्मल होगी जबकि समाज के कमज़ोर वर्ग को भी आप खुशी दे पाएं, अपनी खुशी में उन्हें शरीक कर पाएं।
फ़ितरा एक निश्चित दान है, रोज़े की ज़कात है। इसका मक़सद भी यही है। ईद की नमाज़ को जाने से पहले फ़ितरा ज़रूर अदा कर दीजियेगा।